मैराथन दौड़ में गंदगी फैलाना पड़ा महंगा,नगर निगम ने लगाया 5000 का जुर्माना

इंदौर। अच्छी हेल्थ के प्रति लोगों को जागरुक रहने का संदेश देेने के लिए आज इंदौर में मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। इस मैराथन में करीब 15000 लोगों ने हिस्सा लिया। लेकिन नगर निगम ने गंदगी फैलाने के कारण इंदौर मैराथन के आयोजकों पर 5000 रुपये का स्पॉट फाइन कर दिया। स्वच्छता के मामले में पूरे देश में नम्बर एक स्थान हासिल करने के बाद इंदौर नगर निगम सख्ती बरतने में लगा है। शहर में हुई मैराथन पर निगम ने कार्रवाई की। निगम ने मैराथन आयोजकों को गीता भवन पर बीआरटीएस में कचरा फैलाने का दोषी पाते हुए स्पॉट फाइन किया। निगम ने आयोजकों से 5000 रु. का जुर्माना वसूला। निगम के झोन 11 सीएसआई विनय खरे ने बताया कि गीता भवन क्षेत्र में जब गंदगी मिली तो आयोजकों को इस बारे में सूचना देकर उसकी सफाई का प्रबंध करने को कहा गया। जब आयोजकों ने इसकी अनदेखी की तो निगम ने सख्ती बरतते हुए 5000 रु. का जुर्माना ठोंक दिया।