कांग्रेस पार्टी जनादेश को स्वीकार करती है - राहुल

नई दिल्ली : गुजरात और हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली हार के बाद प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि वह इस जनादेश को स्वीकार करते हैं और दोनों राज्यों की नई सरकारों को बधाई भी देते हैं। गांधी ने अपने ट्वीट में कहा है कि कांग्रेस पार्टी जनादेश को स्वीकार करती है और दोनों राज्यों में नई सरकार को बधाई देती है। उन्होंने यह भी कहा कि वह गुजरात और हिमाचल की जनता को इस बात के लिए धन्यवाद देते हैं कि उसने तहे दिल से प्यार किया है। आपको बता दें कि गुजरात और हिमाचल प्रदेश की विधानसभा चुनाव के नतीजे कांग्रेस के लिए बुरी खबर लेकर आए हैं। दोनों ही राज्य में कांग्रेस को हार झेलनी पड़ी है। कांग्रेस के लिए परेशानी की बात ये है कि उसे जहां हिमाचल प्रदेश में सत्ता गंवानी पड़ी है वहीं गुजरात में सरकार विरोधी लहरों के बीच भी उसे सत्ता में वापसी का शानदार मौका गंवा दिया है।