अरूणाचल के 6 स्थानों के लिये चीन ने ‘मानकीकृत’ नामों का ऐलान किया

चीन ने अरूणाचल प्रदेश की 6 जगहों के लिये ‘‘मानकीकृत’’ आधिकारिक नामों का ऐलान किया और उकसावे वाले इस कदम को ‘‘वैध’’ बताया। चीन ने इस सीमावर्ती राज्य में दलाई लामा के दौरे का भारत से कड़ा विरोध जताने के कुछ दिनों बाद यह कदम उठाया है। सरकारी मीडिया ने यहां कहा कि इस कदम का उद्देश्य अरूणाचल प्रदेश पर चीन के दावे की पुष्टि करना है। चीन अरूणाचल प्रदेश को ‘दक्षिणी तिब्बत’ बताता है।
सरकारी ग्लोबल टाइम्स ने कहा, ‘‘चीन के नागरिक मामलों के मंत्रालय ने घोषणा की कि उसने केंद्रीय सरकार के नियमों के अनुरूप 14 अप्रैल को ‘दक्षिण तिब्बत’ की 6 जगहों के नाम चीनी, तिब्बती और रोमन वर्णों में मानकीकृत कर दिये हैं, जिन्हें भारत ‘अरूणाचल प्रदेश’ कहता है।’’ रोमन वर्णों का इस्तेमाल करते हुये इन 6 जगहों का आधिकारिक नाम वोग्यैनलिंग, मिला री, क्वाइदेनगाबरे री, मेनक्यूका, बूमो ला और नामाकापुब री रखा गया है। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लू कंग ने मीडिया को जानकारी देते हुये कहा कि अरूणाचल प्रदेश में छह स्थानों के चीनी नामों का मानकीकरण ‘‘वैध’’ कार्रवाई है।
उन्होंने कहा कि दलाई लामा की गतिविधियां भारत सरकार की चीन को लेकर की प्रतिबद्धता के खिलाफ है।